यमुनानगर , सितंबर 24 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाये जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत हरियाणा में यमुनानगर में नगर निगम की ओर से बृहस्पतिवार को जगाधरी के बूड़िया गेट स्थित वृद्धाश्रम (विश्राम पार्क ट्रस्ट) में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मेयर सुमन बहमनी, नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल, निगम पार्षदों और अन्य गणमान्य लोगों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात की और उनके साथ अनुभव साझा किये।
नगर निगम की ओर से वृद्धाश्रम में रहने वाले सभी बुजुर्गों को गर्म कंबल, कुकर और केतली उपहार स्वरूप भेंट की गयी। उपहार पाकर बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बुजुर्गों का हालचाल जाना और उनकी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली।
विश्राम पार्क ट्रस्ट के ट्रस्टी सोनी ने बताया कि वृद्धाश्रम में सभी बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखा जाता है। यहां 18 वृद्ध पुरुष और 20 महिलाएं रह रही हैं, जिन्हें प्रतिदिन सुबह बेड-टी, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन और सोने से पहले दूध दिया जाता है। सप्ताह में दो बार चिकित्सक आकर बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच करते हैं।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन से मिली सीख आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शन का काम करती है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल स्वच्छता या विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ संवेदनशीलता और सेवा भाव से जुड़ना भी इसका हिस्सा है। बुजुर्गों का सम्मान करना प्रत्येकव्यक्ति की जिम्मेदारी है।
निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि नगर निगम की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। वृद्धजनों के साथ समय बिताना और उनकी जरूरतों को समझना भी सामाजिक सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बुजुर्गों के अनुभव समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और उनका सम्मान हमारी प्राथमिकता है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों का सम्मान हमेशा सर्वोच्च स्थान पर रहा है। परिवार और समाज को बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। सेवा और सम्मान की भावना से किये गये कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। ऐसे आयोजनों से बुजुर्गों को अपनापन और सम्मान का एहसास होता है।
कार्यक्रम का मंच संचालन पार्षद एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रियांक शर्मा ने किया। इस अवसर पर मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, विनोद बेनीवाल, भाजपा नेता निश्चल चौधरी, भाजपा जिला महामंत्री नरेंद्र सिंह राणा, मार्केट कमेटी जगाधरी के चेयरमैन विपुल गर्ग, कृष्ण खदरी, पार्षद रूचि कंबोज, रीना रस्तोगी, जयंत स्वामी, भानू प्रताप, अंकित, जगदीश विद्यार्थी और अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित