हरिद्वार , अक्टूबर, 03 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' के तहत शनिवार को विकासखंड सभागार खानपुर में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। खंड विकास अधिकारी आलोक गार्गेय की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं की जानकारी दी।
शिविर में 380 नागरिकों ने विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान प्राप्त नौ शिकायतों का मौके पर ही शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। वहीं 185 लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और 170 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
ग्राम्य विकास विभाग ने 35 लोगों को विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ दिया। इनमें बेरोजगार श्रमिकों को रोजगार, श्रमिकों की केवाईसी, नए जॉब कार्ड पंजीकरण, तीन सहायता समूहों की सीसीएल स्वीकृति और एक बीपीएल प्रमाण-पत्र जारी किया गया। श्रम विभाग ने 35 श्रमिकों का पंजीकरण एवं नवीनीकरण किया।
राजस्व विभाग ने पांच स्थायी निवास, आय एवं जाति प्रमाण-पत्र जारी किए। चिकित्सा विभाग ने 21 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित कीं। पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने 33 लोगों को योजनाओं की जानकारी दी, जबकि कृषि विभाग ने 29 किसानों को पौध, बीज और फसल बीमा समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई।
समाज कल्याण विभाग ने आठ पात्र व्यक्तियों को विधवा, वृद्धावस्था एवं किसान पेंशन योजनाओं से लाभान्वित किया। पंचायती राज विभाग ने सात जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र और परिवार रजिस्टर की नकल वितरित की। आयुष विभाग ने 70 लोगों को होम्योपैथी दवाएं उपलब्ध कराईं।
शिक्षा विभाग ने 65 लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी, जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने 20 लोगों के राशन कार्ड संबंधी कार्य किए। बाल विकास विभाग ने 13 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री जनधन योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना आदि की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित