बारां , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में बारां में सेवा भारती समिति के तत्वावधान में रविवार को अटरू रोड स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर के सभागार में विशाल कन्या पूजन समारोह श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित किया गया।
सेवा भारती के जिला अध्यक्ष योगेश कटारिया एवं जिला प्रकल्प प्रमुख महावीर गौड़ ने बताया कि समारोह में 351 नन्हीं कन्याओं को नवदुर्गा के नौ स्वरूपों में सजाकर बटुक सहित विधि-विधान से पूजन किया गया। इस दौरान कन्याओं के चरण पखारकर उनका पूजन किया गया। महाआरती के दौरान पूरा परिसर मां दुर्गा की आराधना से भक्तिमय हो उठा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां दुर्गा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नारी शक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और आदर के भाव का प्रकटीकरण है। भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, समृद्धि और ज्ञान का प्रतीक मानते हुए आदिकाल से प्रतिष्ठित स्थान दिया गया है। कन्याओं में मां दुर्गा, मां लक्ष्मी और मां सरस्वती के स्वरूप का दर्शन करना सनातन परंपरा के साथ समाज में मातृशक्ति के सम्मान को सुदृढ़ करने वाला संस्कार भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित