चंडीगढ़ , मई 22 -- हरियाणा सेवा का अधिकार आयोग के मुख्य आयुक्त टी.सी. गुप्ता ने गुरुवार को वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट जारी की। इस मौके पर नागरिकों की सुविधा के लिए एएएस व्हाट्सएप चैटबॉट और एएएस मोबाइल एप्लीकेशन भी लॉन्च की गयी।

मुख्य आयुक्त ने कहा कि डिजिटल माध्यम से अब सेवाएं और सरल होंगी। नागरिक व्हाट्सएप नंबर 6239466937 पर संदेश भेजकर अपील दायर कर सकेंगे, उसकी स्थिति जान सकेंगे और सेवाओं की जानकारी ले सकेंगे। 'सेवाएं आपकी उंगलियों पर, कभी भी, कहीं भी' की सोच के तहत यह पहल की गयी है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 56 विभागों की 802 सेवाएं सेवा का अधिकार ढांचे में शामिल हैं। इनमें जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, रिहायशी प्रमाणपत्र, पेंशन, बिजली-पानी, फैक्टरी लाइसेंस और भवन योजना स्वीकृति जैसी सेवाएं हैं। वर्ष 2021 में शुरू स्वतः अपील प्रणाली सबसे बड़ा सुधार रही। तय समय में सेवा न मिलने पर अपील स्वतः दर्ज हो जाती है।

वित्त वर्ष 2025-26 में सरल प्लेटफॉर्म पर 2.06 करोड़ से अधिक आवेदन मिले। इनमें से 1.95 करोड़ यानी 94.71 प्रतिशत आवेदन समय पर निपटाये गये। एएएस पर अब तक 28.5 लाख से अधिक अपीलें आयीं, जिनमें 98 प्रतिशत का निपटान हो चुका है।

श्री गुप्ता ने कहा कि यह व्यवस्था ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस दोनों को मजबूत करती है। आयोग में सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होती है और कार्यालय पेपरलेस काम कर रहा है। हरियाणा की यह प्रणाली अब राष्ट्रीय स्तर पर मॉडल बन रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित