रांची , जुलाई 30 -- झारखंड के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1, क्षेत्रीय कार्यालय, राँची में आज पेंशन 'प्रयास' पहल के तहत जुलाई, 2026 माह में ही कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस, 2026) के तहत सेवानिवृत्त सदस्य सुनील पासवान को पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) प्रदान किया गया एवं सेवानिवृत्त सदस्य को पुष्पगुच्छ से सम्मानित किया गया।

पेंशन 'प्रयास', कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) द्वारा शुरू की गई एक पहल है जिसके तहत कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस) के सेवानिवृत्त सदस्यों को उनकी सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) सौंपे जाते हैं। इसके लिए ईपीएफओ, नियोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच समन्वय आवश्यक है। यह एक जनहितैषी पहल है जिसका उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनकी सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन स्वीकृत करना और कर्मचारियों को उनके पेंशन अधिकारों के बारे में जागरूक करना है।

ईपीएफओ पेंशन 'प्रयास' पहल के तहत सेवानिवृत होने वाले कर्मचारियों की लिस्ट नियोक्ताओं को ई-मेल के माध्यम से करीब एक- दो माह महीने पहले ही भेज दी जाती है, जिसमें संभावित लाभार्थियों की पहचान करना, प्रत्येक मामले की गहन जांच करना, दावा आवेदन में सदस्यों और नियोक्ताओं का मार्गदर्शन करना और आवेदनों के प्रसंस्करण में तेजी लाना शामिल है।

कर्मचारियों और नियोक्ताओं को "निधि आपके निकट 2.0 प्रोग्राम" , वेबिनार एवं फ़ोन के माध्यम से भी "पेंशन प्रयास" के बारे में जानकारी प्रदान की जाती हैं ताकि सेवानिवृत होने वाले कर्मचारियों को "पेंशन प्रयास" के तहत पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ)जारी किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित