ओरछा , अगस्त 31 -- मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सेवा, सुशासन, सामाजिक समरसता के साथ प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने निर्णय लिया है।
मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने यहां आयोजित पार्टी की दो दिवसीय कार्यसमिति की बैठक के समाप्ति के बाद सोमवार को संबोधित करते हुए कहा कि बैठक में हर वर्ग और हर क्षेत्र को लेकर विचार-विमर्श हुआ। युवा, महिलाएं, किसान, आदिवासी, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के कल्याण के मुद्दे पर गहन चर्चा हुई। साथ ही प्रदेश में उद्योग, रोजगार सहित अन्य मुद्दों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
उन्होंने बताया कि बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया। संगठन को और ज्यादा मजबूत करने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने पर व्यापक मंथन हुआ।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि बैठक में 'समरसता का संकल्प' और 'विकसित भारत 2047' जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। भाजपा का मूल आधार सेवा, संगठन और सामाजिक समरसता है। इसके साथ ही संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे 'समरसता संकल्प अभियान' के माध्यम से समाज में समानता, भाईचारे और समरसता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
उन्होंने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के लोकसेवा कार्यकाल का अभिनंदन करते हुए कार्यकर्ताओं से उनके सेवा, सुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। इसके लिए 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक अभियान भी चलाया जाएगा और इस दौरान विभिन्न सेवा के कार्य किए जाएंगे।
श्री खण्डेलवाल ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा सरकार के कार्यकाल सहित उनके नेतृत्व के ढाई वर्षों का भी लेखा-जोखा सामने रखा। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान किसानों की आय, सिंचाई, बिजली और कृषि उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आने वाला वर्ष महिलाओं के लिए समर्पित रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित