बैतूल , मई 19 -- भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत बैतूल में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग मंगलवार को संपन्न हो गया। समापन अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि सेवा, समर्पण और संस्कार भाजपा की कार्यपद्धति के मूल आधार हैं और यही गुण कार्यकर्ताओं की पहचान बनाते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल सोमवार शाम भोपाल से बैतूल पहुंचे और निजी आवास जाने के बजाय प्रशिक्षण शिविर स्थल पर ही रात्रि विश्राम किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच रहकर संगठनात्मक अनुशासन और समर्पण का संदेश दिया।

प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन की शुरुआत योग और प्रार्थना से हुई। कार्यपद्धति विषय पर संबोधित करते हुए खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके प्रशिक्षित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि "राष्ट्र प्रथम" की भावना, सेवा का भाव और सतत संवाद भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान देते हैं। उनके अनुसार संगठन की सफलता "मैं नहीं, हम" की भावना पर आधारित है।

कार्य विस्तार विषय पर संभाग प्रभारी भरत सिंह राजपूत ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल राजनीतिक विस्तार नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना का विकास भी है। उन्होंने बताया कि जनसंघ के दौर से शुरू हुई विचार यात्रा आज बूथ स्तर तक मजबूत संगठनात्मक संरचना के रूप में विकसित हो चुकी है।

कार्यकर्ता संभाल एवं दायित्व बोध विषय पर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को साधन नहीं, बल्कि संकल्प के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की क्षमता के अनुरूप दायित्व सौंपने और आत्मीय व्यवहार की परंपरा ही संगठन को मजबूत बनाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित