बीकानेर , अगस्त 14 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि सेवा, दान और सामाजिक सरोकारों की समृद्ध परम्परा ही हमारी पहचान है और आर्थिक समृद्धि को समाज सेवा में लगाना आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा होगी।
श्री शर्मा आज यहां पीबीएम अस्पताल में सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल मेडिसिन विंग का लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनओं एवं जनसहयोग से स्वस्थ भारत का संकल्प साकार हो रहा है। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल मेडिसिन विंग का निर्माण इसी संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा , " राजस्थानी जहां भी रहे, वह सामाजिक सरोकार से जुड़ा रहता है। हमारे प्रदेश की संस्कृति में सेवा, दान और सामाजिक सरोकारों की समृद्ध परम्परा रही है और यही हमारी पहचान है। आर्थिक समृद्धि को समाज की सेवा में लगाने की भावना निश्चित रूप से अन्य भामाशाहों एवं आने वाली पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा बनेगी।"उल्लेखनीय है कि पीबीएम अस्पताल में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 527 बेड की क्षमता वाले चार मंजिला अत्याधुनिक चिकित्सा विंग का निर्माण किया गया है। जिसमें जनरल बेड के 9 वार्ड, 20-20 बेड के 3 आईसीयू वार्ड, 9 बेड का एक आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इसके साथ ही कुल 53 कॉटेज और वेटिंग हॉल भी बनाया गया है। परिसर में 76 हजार वर्ग फीट का पार्किंग एरिया, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, खाद्य एव नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, विधायक विश्वनाथ मेघवाल, जेठानंद व्यास एवं ताराचंद सारस्वत तथा अन्य जनप्रतिनिधि, ट्रस्ट के पदाधिकारी और आमजन मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित