भोपाल , मार्च 22 -- मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित डीएसवाईडब्ल्यू सेलिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने गोवा के मोर्जिम में आयोजित ऑल इंडिया विंडसर्फिंग एवं काइटबोर्डिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक अपने नाम किए।

खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 4 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। स्वर्ण पदक विजेताओं में आर्यन पाटीदार, विध्यांशी मिश्रा, अनन्या आवधिया और प्रार्थना भोई शामिल हैं, जबकि सोहम सिंह राजपूत ने रजत पदक अर्जित किया। कांस्य पदक जीतने वालों में नैंसी राय, तेजस्वी प्रजापति और गौरव सिंह बिष्ट शामिल हैं।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का प्रदर्शन उनकी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिणाम माना जा रहा है।

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता प्रदेश में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक सुविधाओं का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित