मकाऊ , जून 20 -- भारत की बैडमिंटन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा शनिवार को महिला एकल के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की पार्क गा-उन से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।
आज यहां खेले गये मुकाबले में बैडमिंटन रैंकिंग में 63वें नंबर पर मौजूद अश्मिता चालिहा को मकाऊ ईस्ट एशियन गेम्स डोम में दक्षिण कोरिया की दुनिया की 61वें नंबर की खिलाड़ी पार्क गा-उन ने 38 मिनट में 21-17, 21-9 से हराया। यह मैच बीडब्भ्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर अश्मिता का दूसरा सेमीफाइनल था और 2024 थाईलैंड मास्टर्स के बाद पहला था।
अश्मिता चालिहा ने मैच की अच्छी शुरुआत की और पहले गेम के बीच के ब्रेक में एक पॉइंट से आगे थीं। इसके बाद भारतीय शटलर ने अपनी बढ़त को 15-11 तक पहुंचाया और मैच पर पकड़ बनाए हुए दिखीं, लेकिन पार्क गा-उन ने लगातार छह पॉइंट जीतकर बाजी पलट दी और 17-15 की बढ़त बना ली। अश्मिता ने स्कोर 17-17 से बराबर किया, लेकिन दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी ने लगातार चार पॉइंट जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में कोरियाई शटलर शुरू से आखिर तक हावी रहीं। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह पहला मुकाबला था।
मकाऊ ओपन 2026 में गुरुवार को पुरुष एकल में भारत की चुनौती खत्म हो गई, जब क्वालिफ़ायर से मेन ड्रॉ में पहुंचे थरुण मन्नेपल्ली और रौनक चौहान प्री-क्वार्टर फ़ाइनल में बाहर हो गए। युगल में भी भारत का सफर इसी चरण में खत्म हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित