बैतूल , जुलाई 9 -- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा आयोजित 15 दिवसीय प्रदेशव्यापी 'सेफ क्लिक-2.0' साइबर सुरक्षा जनजागरूकता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बैतूल जिला पुलिस को राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार भोपाल स्थित प्रशासन अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय समापन समारोह में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर) साई मनोहर, पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

पुलिस अधीक्षक विरेंद्र जैन प्रशासनिक कारणों से समारोह में उपस्थित नहीं हो सके। उनकी ओर से डीएसपी (अजाक) शैफा हाशमी तथा साइबर सेल के आरक्षक दीपेंद्र सिंह ने प्रशस्ति-पत्र और सम्मान ग्रहण किया।

अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक विरेंद्र जैन के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों, महाविद्यालयों, बैंकों, शासकीय कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।

अभियान के तहत साइबर सेफ्टी वॉक, साइबर क्विज, साइबर सुरक्षा शपथ, जनसंवाद, रैलियां और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से 300 से अधिक जागरूकता पोस्ट, वीडियो और रील्स साझा किए, जिनके जरिए लगभग 23 लाख लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। इसी प्रदर्शन के आधार पर बैतूल पुलिस को राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने इस उपलब्धि का श्रेय जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, साइबर सेल, मीडिया, शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों तथा जागरूक नागरिकों को दिया। उन्होंने नागरिकों से साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित