छिंदवाड़ा , अक्टूबर 02 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्सी ढाना में शुक्रवार को नवनिर्मित सेप्टिक टैंक की सेंटिंग खोलने के दौरान गैस रिसाव से दो युवक बेहोश हो गए। दोनों को गंभीर हालत में तामिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार गांव में हाल ही में सेप्टिक टैंक का निर्माण हुआ था। सेंटिंग खोलने के लिए गांव के मोहन कुमरे (35) पिता जोगीलाल और दियालाल धुर्वे (36) टैंक के भीतर गए थे। इसी दौरान टैंक में जमा गैस के रिसाव से दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए।
दोनों के बेहोश होने पर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने उन्हें किसी तरह टैंक से बाहर निकाला और तत्काल तामिया अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना फैलने के बाद कुर्सी ढाना और आसपास के गांवों के लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजन चिकित्सकों से दोनों की स्थिति की जानकारी लेते रहे।
जानकारी के अनुसार सेप्टिक टैंक और बंद गड्ढों में जहरीली गैस जमा होने तथा ऑक्सीजन की कमी के कारण इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं। टैंक के भीतर उतरने वाले व्यक्ति के बेहोश होने की स्थिति में बचाव के लिए अंदर जाने वाले अन्य लोगों के भी इसकी चपेट में आने का खतरा रहता है। घटना की सूचना पर पुलिस के मौके पर पहुंचने और मामले की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित