ऋषिकेश , सितंबर 10 -- भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के गौरवशाली पद पर चयनित ऋषिकेश के तीन होनहार युवाओं विघ्नेश अरोड़ा, सर्वेश रतूड़ी और यश उप्पल का गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला ने सम्मान किया। आज प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद ऋषिकेश स्थित अपने घर पहुंचे तीनों युवाओं को श्री रमोला ने माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
श्री रमोला ने कहा कि भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद तक पहुंचना युवाओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति दृढ़ संकल्प का परिणाम है। विघ्नेश अरोड़ा और यश उप्पल ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि सर्वेश रतूड़ी ठाकुरपुर ग्राम के निवासी हैं। तीनों युवाओं की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और उनकी सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव ने तीनों युवाओं एवं उनके परिजनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं गौरवपूर्ण भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि विघ्नेश, सर्वेश और यश भारतीय सेना में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए राष्ट्र और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश सचिव राकेश सिंह, पूर्व प्रदेश सचिव शैलेंद्र बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष हर्षपति सेमवाल, पार्षद दल नेता देवेंद्र प्रजापति, पार्षद भगवान सिंह पंवार, पार्षद सिमरन उप्पल, पूर्व पार्षद बृजपाल राणा, अमित उप्पल, सागर गर्ग, हिमांशु कश्यप, शैलेश भंडारी, अमनदीप, नागेंद्र सिंह, गगन उप्पल और गोपाल अरोड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित