जम्मू , जुलाई 10 -- सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ ज़िले में नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा स्थिति का जायज़ा लिया।

यहां अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि सेना प्रमुख ने सात से नौ जुलाई तक उत्तरी कमान का दौरा किया तथा नियंत्रण रेखा और भीतरी इलाकों में सुरक्षा की मौजूदा स्थिति का अवलोकन किया।

उन्होंने श्रीनगर स्थित चिनार कोर और जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर, उनकी संरचनाएं एवं अग्रिम इलाकों का भी दौरा किया, जहां उन्होंने आतंकवाद-रोधी अभियानों के साथ-साथ श्री अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था और संपूर्ण परिचालन तैयारियों का जायज़ा लिया।

अधिकारियों ने बताया कि कि जनरल सेठ को सुरक्षा के बदलते माहौल, परिचालन तैनाती, अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल, अवसंरचना विकास एवं युद्ध क्षमता को मज़बूत करने के उपायों की जानकारी दी गई।

उन्होंने आगे कहा कि सेना प्रमुख ने इलाके में शांति, स्थिरता एवं विकास को बढ़ावा देने के लिए सेना द्वारा किए गए स्वदेशी नवाचार एवं सामुदायिक आउटरीच कार्यक्रम का भी अवलोकन किया।

सेना प्रमुख जनरल सेठ ने सेना के सभी रैंक के जवानों एवं सीएपीएफ कर्मियों की पेशेवर कुशलता, परिचालन उत्कृष्टता एवं अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की और उनसे हमेशा तत्पर रहने एवं उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित