श्रीनगर , मई 31 -- जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर तैनात सेना के जवानों ने प्रादेशिक सेना (टीए) के एक निलंबित जवान समेत तीन लोगों को पाकिस्तान भागने की कोशिश करते हुए पकड़ा है। एक अन्य घटना में, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से आये एक घुसपैठिए को भी हिरासत में लिया गया है।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि सेना ने नियंत्रण रेखा का पार करने के प्रयास को विफल कर दिया और विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के बाद पुलिस के साथ संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सोपोर इलाके से तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया। सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने सोशल मीडिया पर बताया कि इनमें से एक गाइड है। सेना ने तीनों आरोपियों की पहचान उजागर नहीं की, लेकिन सूत्रों के अनुसार उनमें से एक प्रादेशिक सेना का निलंबित चल रहा जवान है और वह सोपोर का निवासी है। इन तीनों को उड़ी के हथलंगा इलाके में हिरासत में लिया गया।

सूत्रों ने बताया कि तीनों से पूछताछ की जा रही है और पलायन के प्रयास की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।

एक अलग घटना में, उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास सेना ने पीओके से आये एक घुसपैठिए को पकड़ लिया। घुसपैठिए को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंप दिया गया है। सेना ने घुसपैठिए का पहचान पत्र भी साझा किया, जिसमें उसकी पहचान जीशान अहमद मीर के रूप में हुई है, जो लाल दीन मीर का पुत्र और पीओके का निवासी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित