जयपुर , मार्च 05 -- सेना की सप्त शक्ति कमान के तत्वावधान में रणबांकुरा डिवीजन द्वारा आठ मार्च को चूरु में 'गौरव सेनानी समारोह' का आयोजन किया जायेगा।
रक्षा सूत्रों के अनुसार चूरु के एसएआई स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित यह समारोह चूरू ज़िले की सभी आठ तहसीलों के पूर्व सैनिकों, वीर नारी एवं वीरांगनाओं को सम्मानित करने और उनसे जुड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस पहल से छह हजार से अधिक पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को लाभ मिलने की अपेक्षा है।
भारतीय सेना तथा नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ गणमान्य अधिकारी इस अवसर मौजूद रहेंगे तथा पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की गरिमा और कल्याण के प्रति सेना की अटूट प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करेंगे। रैली में एक व्यापक कल्याण सुविधा शिविर स्थापित किया जाएगा, जिसमें स्पर्श के माध्यम से पेंशन संबंधी सेवाएं, रिकॉर्ड कार्यालयों तथा सीडीए से सहायता और पेंशन खातों के लिए बैंकिंग संबंधी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। नागरिक प्रशासन के स्टॉल भूमि एवं विधिक मामलों से संबंधित शिकायतों के समाधान, आधार सेवाओं तथा विभिन्न सरकारी कल्याण योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
इस मौके पर एक चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ परामर्श, दंत चिकित्सा तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जायेंगी। आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन (एडब्ल्यूपीओ) के प्रतिनिधि पूर्व सैनिकों को कौशल विकास, पुनःरोजगार, करियर परिवर्तन तथा विभिन्न रोजगार अवसरों के बारे में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे, जिससे वे एडब्ल्यू ओ नेटवर्क एवं नागरिक संस्थाओं के माध्यम से दीर्घकालिक स्थिरता और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित कर सकें।
कार्यक्रम में एक आकर्षक उपकरण प्रदर्शन भी होगा, जो भारतीय सेना की परंपरा, जज़्बे और युद्ध कौशल को प्रदर्शित करेगा। रैली के दौरान पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और वीरांगनाओं को राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान एवं त्याग के लिए सम्मानित किया जाएगा। गौरव सेनानी समारोह सेना और उसके पूर्व सैनिकों के बीच अटूट संबंध को सुदृढ़ करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित