भरतपुर , मई 26 -- राजस्थान में जोधपुर में भारतीय सेना की 224 सेना आधार आयुध भंडार (सेना आयुध कोर- एओसी) में तैनात 10 मई को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय सेना के जांबाज हवलदार मानसिंह गुर्जर का निधन हो जाने पर मंगलवार को उनके पैतृक गांव में पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भरतपुर के वैर थाना क्षेत्र के करावली गांव निवासी हवलदार मानसिंह गुर्जर को शोकाकुल माहौल में 'भारत माता की जय' और 'मानसिंह अमर रहे' के नारों के बीच उनके छह वर्षीय मासूम पुत्र ने मुखाग्नि दी। अपने लाडले जवान के अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में उमड़े जनसैलाब ने नम आंखों से देश के वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

इस अवसर पर वैर क्षेत्र के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हवलदार मानसिंह गुर्जर ने सोमवार को जोधपुर अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित