जयपुर , जुलाई 26 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में सेना की सप्त शक्ति कमांड में रविवार को कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ मनाइ गई।
रक्षा सूत्रों के अनुसार कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा ने जयपुर मिलिट्री स्टेशन स्थित प्रेरणा स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कारगिल के वीरों के पूर्व सैनिकों, उनके माता-पिता एवं वीर नारियों के अदम्य साहस, धैर्य और राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान के आभार जताया। उन्होंने सप्त शक्ति कमांड के सभी सैन्य कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की संप्रभुता, एकता एवं क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए सदैव उच्चतम स्तर की व्यावसायिक दक्षता, सतर्कता एवं युद्धक तत्परता बनाए रखने का आह्वान किया। आर्मी कमांडर ने कारगिल युद्ध के पूर्व सैनिकों से संवाद किया तथा ऑपरेशन विजय के दौरान उनके अद्वितीय साहस, निःस्वार्थ सेवा एवं अमूल्य योगदान की सराहना की। उन्होंने उनके गौरवपूर्ण योगदान को नमन करते हुए पूर्व सैनिकों तथा शहीदों के परिजनों के सम्मान, गरिमा, कल्याण एवं उनके हितों के प्रति भारतीय सेना की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।
कारगिल विजय दिवस का यह आयोजन भारतीय सेना की अपने वीर सैनिकों की गौरवशाली विरासत को बनाए रखने की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। साथ ही इसने आने वाली पीढ़ियों को साहस, बलिदान, निःस्वार्थ सेवा और राष्ट्रभक्ति के शाश्वत मूल्यों से प्रेरणा लेने का सशक्त संदेश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित