चंडीगढ़ , मई 27 -- हिमाचल प्रदेश के कसौली क्षेत्र में गिल्बर्ट ट्रेल और अपर मॉल इलाके के पश्चिमी ढलानों पर लगी भीषण जंगल की आग पर भारतीय सेना, भारतीय वायुसेना और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के बाद काफी हद तक काबू पा लिया गया है।
यह आग 26 मई को अपराह्न करीब तीन बजे भड़की थी, जिसके बाद भारतीय सेना की कसौली ब्रिगेड ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम और घने जंगल वाले इलाके में आग को फैलने से रोकने के लिए सेना ने पूरी रात और दिनभर लगातार 15 घंटे से अधिक समय तक अभियान चलाया।
सेना के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि ऑपरेशन में सेना के जवानों, फायर टेंडरों और पानी के टैंकरों ने जमीन पर मोर्चा संभाला, जबकि भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने सुखना झील से पानी भरकर कई "बांबी बकेट" मिशन चलाए। इन प्रयासों से गिल्बर्ट हिल और अपर मॉल समेत प्रभावित क्षेत्रों में आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया और संवेदनशील वन क्षेत्रों तक फैलने से रोक दिया गया।सेना के जवान अब भी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में आग की बची हुई चिंगारियों और हॉटस्पॉट्स को बुझाने में जुटे हैं। दुर्गम इलाकों में वायुसेना की हवाई कार्रवाई भी जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे अभियान में किसी भी नागरिक या राहतकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी जवान और उपकरण सुरक्षित हैं।पश्चिमी कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर अभियान की समीक्षा की। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में जवानों की त्वरित कार्रवाई, साहस और समर्पण की सराहना की तथा उत्कृष्ट कार्य के लिए मौके पर ही कई जवानों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित