जयपुर , मार्च 16 -- कैंसर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (बीएमसीएच) और भारतीय सेना के बीच मंगलवार को यहां एक समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जायेंगे।

बीएमसीएच के अनुसार इस अवसर पर अस्पताल में अपराह्न में भारतीय सेना सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा जिसमें सेना की दक्षिण पश्चिम कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मंजींदर सिंह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे।

कार्यक्रम में बीएमसीएच और सेना के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर एवं आदान-प्रदान किया जाएगा। इस एमओयू का उद्देश्य कैंसर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना तथा सेना के कर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में गत 15 जनवरी को जयपुर में आयोजित आर्मी डे परेड की गौरवपूर्ण एवं रोमांचकारी झलकियां भी बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित