जगदलपुर , सितंबर 23 -- केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 241वीं वाहिनी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत बस्तर जिले के सेड़वा क्षेत्र में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान चलाकर विद्यालय और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया है।
अधिकारिक जानकारी के अनुसार अभियान के पहले चरण में 17 और 18 सितंबर को 'स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता' कार्यक्रम के तहत शासकीय प्राथमिक विद्यालय सेड़वा में सफाई अभियान चलाया गया। सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने विद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। इस दौरान विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ विद्यालय और स्वच्छ पर्यावरण के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी श्रमदान कर अभियान में भागीदारी की।
इसके बाद 19 से 22 सितंबर तक 'स्वच्छता लक्ष्य इकाई एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल' अभियान के तहत सेड़वा क्षेत्र के चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर सफाई की गई। जवानों ने कचरा और गंदगी हटाने के साथ स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
अभियान में कमांडेंट हरविंदर सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी संजय कुमार, उप कमांडेंट निरंजन कुमार निराला और उप कमांडेंट प्रमोद कुमार मीणा सहित वाहिनी के अधिकारी एवं जवान शामिल हुए।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी और निरंतर प्रयासों से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित