लखीमपुर खीरी , मई 04 -- लखीमपुर खीरी के प्रमुख आस्था स्थल सेठघाट के विकास और उल्ल नदी की सफाई को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह एवं सदर विधायक योगेश वर्मा ने अधिकारियों की टीम के साथ सेठघाट का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों की रूपरेखा तय की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उल्ल नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि जहां-जहां शहर के नाले नदी में गिर रहे हैं, वहां सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र शासन को भेजा जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नदी किनारे नए घाटों के निर्माण की आवश्यकता भी जताई और सिंचाई विभाग को इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। विधायक योगेश वर्मा ने इस दौरान सेठघाट पर पर्यटन विभाग एवं विधायक निधि से अब तक कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशासन के सहयोग से सेठघाट को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित