कोटा , जून 27 -- राजस्थान सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार राज्य पात्रता परीक्षा (सेट-2026) के आयोजन की जिम्मेदारी इस वर्ष कोटा विश्वविद्यालय को सौंपी गयी है।
विश्वविद्यालय के प्रो. बी.पी. सारस्वत ने शनिवार को बताया कि सेट-2026 अब पूर्व निर्धारित छह सितंबर के स्थान पर 13 सितंबर को आयोजित की जाएगी। इस वर्ष सेट-2026 में जनसंचार एवं पत्रकारिता और संस्कृत (पारंपरिक) विषयों को पहली बार शामिल किया गया है। इसके साथ ही कोटा विश्वविद्यालय अब कुल 37 विषयों में परीक्षा आयोजित करेगा।
प्रो. सारस्वत ने बताया कि यह निर्णय यूजीसी-नेट के विषयों के अनुरूप लिया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को इन दोनों विषयों को शामिल किये जाने के लिए कई आवेदन एवं मांग-पत्र प्राप्त हो रहे थे। विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन विषयों को जोड़ा गया है, जिससे प्रदेशभर के अभ्यर्थियों को अधिक विषयों में पात्रता परीक्षा देने का अवसर मिलेगा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके लिए नये अवसर उपलब्ध होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित