चंडीगढ़ , जनवरी 21 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सेवक फार्मेसी में 15 जनवरी को हुई गोलीबारी की वारदात से जुड़े चार बदमाशों को चंडीगढ़ पुलिस ने बुधवार को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार तड़के ज़ीरी मंडी चौक के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई संक्षिप्त मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गये। इस मामले में कुल चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।
गौरतलब है कि 15 जनवरी को जब दो युवक सफेद एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर सेक्टर-32 स्थित सेवक मेडिकल स्टोर पहुंचे और दुकान के अंदरदो राउंड फायरिंग कर दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गये थे। इस मामले में थाना सेक्टर-34में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी थी।
जांच के दौरान पुलिस ने राहुल बिष्ट को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि यह फायरिंग विदेश में बैठे एक हैंडलर साबा के निर्देश पर की गयी थी, जिसका मकसद डर का माहौल बनाकर अमीर लोगों से रंगदारी वसूलना था। राहुल बिष्ट ने शूटर के तौर पर राहुल और रिकी को तैयार किया था। इन आरोपियों ने बाद में जालंधर में एक प्रॉपर्टी डीलर की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर भी फायरिंग की और मोहाली में एक चार पहिया वाहन लूटने की कोशिश की।
बीस जनवरी की रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सिल्वर रंग की वैगनआर कार में चंडीगढ़ में दाखिल होने वाले हैं। नाकाबंदी के दौरान कार बिजली के खंभे से टकरा गयी। भागने की कोशिश में बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें एक गोली पुलिस वाहन को लगी, जबकि एक गोली बुलेटप्रूफ जैकेट पहने एएसआई को लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से दो आरोपी घायल हो गये।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्तौल, कारतूस, हेरोइन, अफीम और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, पूरे नेटवर्क की जांच जारी है, और विदेशी हैंडलर की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित