मुंबई , मई 11 -- लोगों से कई मदों में खर्च कम करने की प्रधानमंत्री की अपील के बाद घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को बड़ी गिरावट रही और प्रमुख सूचकांक एक महीने से अधिक के निचले स्तर पर बंद हुए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,312.91 अंक (1.70 प्रतिशत) लुढ़ककर 76,015.28 अंक पर आ गया। यह 07 अप्रैल के बाद का इसका निचला स्तर है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की निफ्टी-50 सूचकांक भी 360.30 अंक यानी 1.49 प्रतिशत गिरकर 09 अप्रैल के बाद के निचले स्तर 23,815.85 अंक पर रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आयातित वस्तुओं की खरीद कम करने और विदेशी मद्रा बचाने की अपील के बाद बाजार में विदेशी मुद्रा भुगतान संबंधी दबाव को लेकर चिंता दिखी। एक साल तक सोना न खरीदने की उनकी अपील से ज्वेलर्स कंपनियों के शेयरों में नौ प्रतिशत तक की गिरावट देखी गयी। अनावश्यक विदेश यात्रा न करने की अपील से विमान सेवा कंपनियों के शेयर भी साढ़े चार प्रतिशत टूट गये।

वृहत बाजार में भी गिरावट रही। मझौली कंपनियों का निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.83 प्रतिशत और छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.13 प्रतिशत गिर गया।

एफएमसीजी फार्मा और स्वास्थ्य को छोड़कर अन्य सूचकांकों में गिरावट रही। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस, सार्वजनिक बैंकों, रियलटी, मीडिया, वित्त और ऑटो समूहों पर ज्यादा दबाव देखा गया।

एनएसई में जिन 3,420 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,364 के शेयर लाल निशान में और 961 के हरे निशान में रहे। अन्य 95 कंपनियों के शेयर अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 24 के शेयर लाल निशान में रहे। कंपनियों में तनिष्क ब्रांड का स्वामित्व रखने वाली टाइटन का शेयर 6.83 प्रतिशत लुढ़क गया। इंडिगो में 4.94 प्रतिशत, भारतीय स्टेट बैंक में 4.52, भारती एयरटेल में 4.18 और इटरनल में 4.08 प्रतिशत की गिरावट रही।

रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 3.31 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.55, एनटीपीसी का 2.32, एचडीएफसी बैंक का 2.13, बजाज फाइनेंस का 1.98, बीईएल का 1.80, मारुति सुजुकी का 1.77, ट्रेंट का 1.49, एशियन पेंट्स का 1.29 और टाटा स्टील का 1.12 प्रतिशत फिसल गया।

बजाज फिनसर्व, पावरग्रिड, एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईटीसी, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर भी नीचे बंद हुए।

सन फार्मा में 1.36 फीसदी की तेजी रही। हिंदुस्तान यूनीलिवर और अडानी पोर्ट्स के शेयर भी हरे निशान में रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित