बैतूल , अगस्त 06 -- मध्यप्रदेश के बैतूल बाजार स्थित शासकीय सांदीपनि कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'सृजन संवाद' कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों, महिला एवं बाल संरक्षण कानूनों तथा जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे, पुलिस उपाधीक्षक दिनेश सिंह मर्सकोले, यातायात प्रभारी गजेंद्र केन, निरीक्षक कविता नागवंशी, उपनिरीक्षक रश्मि ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के प्राचार्य एल.एल. लिल्हौरे, प्रभारी प्राचार्य आर.के. मालवीय तथा अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के पूजन के साथ किया।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन ने विद्यार्थियों से अनुशासित जीवन अपनाने, कानून का सम्मान करने और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने का आह्वान किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सामाजिक और कानूनी विषयों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्राचार्य एल.एल. लिल्हौरे ने करियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी, जबकि प्रभारी प्राचार्य आर.के. मालवीय ने साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर मार्गदर्शन दिया। टीओटी प्रशिक्षित शिक्षक रमेश कुमार पिंजारे और दशरथ गावंडे ने विद्यार्थियों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों के निर्वहन का महत्व बताया।
यातायात प्रभारी गजेंद्र केन ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर बल दिया। निरीक्षक कविता नागवंशी ने महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी, जबकि उपनिरीक्षक रश्मि ठाकुर ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को थाना बैतूल बाजार का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, डायल-112 सेवा और आपातकालीन सहायता व्यवस्था की जानकारी दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित