लखनऊ , मई 30 -- बहुजन समाज पार्टी ( बसपा) अध्यक्ष मायावती ने गाजियाबाद जिले के खोड़ा क्षेत्र में नौजवान सूर्या चौहान के हत्यारों को कड़ी सजा देने की मांग की है।
सुश्री मायावती ने हत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुये इसे अति दुखद और चिंताजनक बताया और प्रदेश सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर जारी बयान में मायावती ने कहा कि "यू.पी. के जिला गाजियाबाद में खोड़ा के एक नौजवान युवक सूर्या चौहान की हुई हत्या की घटना अति दुखद व चिंताजनक है। इस तरह की घटनाएं आएदिन सामने आ रही हैं, जिनकी रोकथाम के लिए शासन और प्रशासन को ठोस कदम उठाने की जरूरत है।"उन्होने मांग की कि इस हत्याकांड में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें कानूनी रूप से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने यह भी चेताया कि "जैसे-जैसे चुनाव का समय नजदीक आता जाएगा, ऐसी घटनाओं के व्यापक दुष्परिणाम होंगे। अतः सरकार पूरी तरह सतर्क रहे।"बसपा प्रमुख का यह बयान ऐसे समय में आया है जब प्रदेश में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। पुलिस प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि वह इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करे।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र से एक हत्या का मामला सामने आया है। यहां 17 वर्षीय सू्र्या प्रताप चौहान की 28 मई (बकरीद) की शाम उसके ही कुछ पूर्व परिचित मुस्लिम दोस्तों ने चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित