क्राइस्टचर्च , अक्टूबर 23 -- भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी को लेकर बना हुआ हाइप उनके और टीम के लिए अच्छा नहीं है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 से पहले भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा, "वह अभी बहुत छोटे हैं, लेकिन टीम प्रबंधन में हर कोई उनका बहुत ख्याल रखता है - मैं निष्पक्ष होकर देखता हूं - और हर कोई उन्हें पसंद करता है। सोशल मीडिया पर भी उन्हें पसंद किया जाता है और टीम में भी। लेकिन सिर्फ इसलिए कि लोग उन्हें पसंद करते हैं, आप प्लेइंग इलेवन में बदलाव नहीं कर सकते। वह बहुत प्रतिभाशाली हैं और मुझे यकीन है कि उनका भविष्य बहुत उज्ज्वल है। इसलिए, जब उन्हें मौके मिलेंगे और वह टीम में पूरी तरह सेट हो जाएंगे, तो वह बहुत कुछ सीखेंगे।"पहले टी-2़0 में इशान किशन को जांघ के पास की मांसपेशियों में खिंचाव आने के कारण, शनिवार को सूर्यवंशी के खेलने की संभावना है। कोटक इस बात को लेकर उत्साहित हैं, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि 15 वर्षीय सूर्यवंशी को लेकर जो चर्चा (हाइप) हो रही है, उससे न तो उन्हें और न ही बाकी खिलाड़ियों को कोई मदद मिली है।
कोटक ने कहा, "मुझे लगा कि शुरुआत में काफी चर्चा थी कि 'उसे खेलना ही चाहिए'। मुझे सच में लगा कि यह उस खिलाड़ी के लिए भी अच्छा नहीं था। वह अभी सिर्फ 15-16 साल का लड़का है, और हर कोई कह रहा है कि 'उसे खेलना चाहिए', 'उसे टीम में नहीं लिया जा रहा है' वगैरह। वह अभी बहुत छोटा है। यह ऐसी चीज है जिस पर मेरा कोई कंट्रोल नहीं है, लेकिन यह दुख की बात है। और यह उन दूसरे सलामी बल्लेबाजों के लिए भी दुख की बात है, जो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन लोग सवाल उठा रहे हैं कि 'वह (दूसरा खिलाड़ी) क्यों खेल रहा है'।"कुल मिलाकर, सूर्यकुमार के मौजूद होने के बावजूद, भारत ने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और किशन को टॉप तीन बल्लेबाजों के रूप में प्राथमिकता दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित