लंदन , जून 29 -- भारतीय टी-20 टीम के सहायक कोच रायन टेन डेशकाटे ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के लिए शेष खिलाड़ियों की तरह ही तय प्रक्रिया से गुजरना और अपने समय का इंतजार करना होगा। आयरलैंड के खिलाफ दूसरी टी-20 में मिली हार के बाद टेन डेशकाटे से सूर्यवंशी के पदार्पण को लेकर किये गये सवाल के जवाब में कहा, "वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार हैं, इसमें कोई दो राय नहीं है। लेकिन आप संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता जिन्होंने तीन महीने पहले भारत की विश्व कप जीत में अहम योगदान दिया था। उनका आईपीएल भी बेहतरीन रहा था। सैमसन ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए दो शतक लगाए थे।"उन्होंने कहा, "खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देना और उन्हें सही संदेश भेजना भी जरूरी है। हम खिलाड़ियों को टीम में लंबा अवसर देना चाहते हैं। इसलिए वैभव जितने भी तैयार हों और हम एवं आप उन्हें खेलते देखने के लिए जितने भी उत्साहित हों, उन्हें भी बाक़ी खिलाड़ियों की तरह प्रक्रिया से गुजरना होगा और अपने समय का इंतज़ार करना होगा। लेकिन उनकी प्रतिभा और तैयारी को लेकर कोई सवाल नहीं है।"टीम प्रबंधन की बातों से यही संकेत मिलता है कि सूर्यवंशी का पदार्पण उनके अपने प्रदर्शन से अधिक मौजूदा शीर्ष क्रम के बल्लेबाजो के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। पहले मैच में सीम गेंदबाजी ऑलराउंडर की कमी होने के बावजूद, भारत ने कोई अपवाद बनाने और बल्लेबाज़ी क्रम में सभी को एक स्थान नीचे खिसकाने पर विचार नहीं किया। पहले मैच में स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर खेले थे। दूसरे मैच में सूर्यांश शेडगे ने पदार्पण किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित