मुंबई , सितंबर 09 -- अभिनेता के लिए किसी नए किरदार को निभाना एक नई दुनिया में प्रवेश करने जैसा होता है। सन नियो के शो 'दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी' में प्रेम की भूमिका निभा रहे सूरज प्रताप सिंह को भी अब तक कई अलग-अलग रूपों में नजर आने का मौका मिला है। असुर, राजा, नाग कुमार और जिन्न से लेकर कई अन्य किरदारों को पर्दे पर जीवंत कर चुके सूरज का कहना है कि हर रूप ने उन्हें अभिनय के नए पहलुओं को आजमाने का अवसर दिया।

अपने अलग-अलग किरदारों के अनुभव साझा करते हुए सूरज ने कहा कि शो में कई रूप निभाना उनके लिए बेहद मजेदार रहा। उन्होंने बताया कि इनमें उनका सबसे पसंदीदा रूप वह था, जब उन्होंने और दिव्या ने सरदार का भेष अपनाया था। उस कहानी में दिव्या लड़के के रूप में और वह उनके पिता की भूमिका में नजर आए थे। उनके अनुसार , इस ट्रैक में भावुक दृश्यों के साथ हास्य के कई पल भी थे, इसलिए यह किरदार उनके लिए खास रहा।

सूरज के लिए काले जिन्न का किरदार भी एक अलग अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि इस भूमिका को पहले निभा चुके अभिनेता की शैली को समझने के लिए उन्होंने उनके बोलने के तरीके, उच्चारण और हाव-भाव पर विशेष ध्यान दिया। अपने दृश्यों की शूटिंग से पहले वह उनसे बातचीत कर यह समझने की कोशिश करते थे कि किसी खास दृश्य को किस तरह निभाया गया था। इसके बाद उन्होंने उन बारीकियों को अपने अभिनय में शामिल किया।

हालांकि, सभी किरदार आसान नहीं रहे। सूरज के अनुसार, असुर की भूमिका उनके लिए शारीरिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण थी। किरदार की मांग के मुताबिक उन्हें लगातार ऊंची आवाज में बोलना और चिल्लाना पड़ता था, जिससे कहानी पूरी होने तक उनकी आवाज बैठ गई थी। वहीं, अश्वर का किरदार भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि इसमें उन्हें एक तरफ बेहद खतरनाक नजर आना था और दूसरी ओर प्रेम के संवेदनशील और नरम पक्ष को भी दिखाना था।

सूरज का कहना है कि अलग-अलग रूपों ने उन्हें केवल अपने लुक और व्यक्तित्व के साथ प्रयोग करने का मौका नहीं दिया, बल्कि अभिनय की अपनी सीमाओं को भी तलाशने का अवसर दिया।

'दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी' का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार शाम सात बजे केवल सन नियो पर किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित