सूरजपुर , अक्टूबर 20 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर में हुए सड़क हादसे के मामले में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ने आज पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने हादसे में मृत चंद्रावती जायसवाल के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव सहायता और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

मंत्री ने पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों को आमने-सामने बैठाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर निर्दोष लोगों को गिरफ्तार करने और एकतरफा कार्रवाई करने के आरोप लगाए। ग्रामीणों की शिकायतों पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया और कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सवाल उठाया कि आगजनी के आरोप में ग्रामीणों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई, लेकिन महिला की मौत के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे गिट्टी लोड ट्रैक्टर, उसके मालिक और क्रशर की वैधता की जांच क्यों नहीं की गई। उन्होंने हादसे और आगजनी की घटना के बीच पांच से छह घंटे के अंतराल में प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई पर भी सवाल उठाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित