सूरजपुर , जून 20 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शुक्रवार देर रात सड़क पर खड़े ट्रक से बाइक की टक्कर होने से तीन युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने ट्रक में आग लगा दी।

पुलिस से शनिवार सुबह मिली जानकारी के अनुसार, हादसा प्रतापपुर थाना क्षेत्र में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रक चालक ने पहले एक कार को टक्कर मारी थी। इसके बाद वह ट्रक को सड़क पर खड़ा छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सड़क पर खड़े ट्रक से जा भिड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे से नाराज लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए ट्रक में आग लगा दी, जिससे वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना मिलने पर प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना और आगजनी की घटना के संबंध में जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित