अंबिकापुर , सितंबर 26 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने मिलावटी शराब के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए करीब 2500 नकली ढक्कन, 200 नकली लेबल, खाली शीशियां और लगभग 12 लीटर मिलावटी शराब जब्त की है। इस मामले में आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

आबकारी विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम शुक्रवार को सूरजपुर जिले में गश्त कर रही थी। इसी दौरान शाम को कुमदा चौक पर मुखबिर से सूचना मिली कि कुमदा बस्ती निवासी चंद्रप्रकाश राजवाड़े अपने घर में शराब में मिलावट कर उसकी बिक्री करता है।

सूचना के आधार पर टीम ने चंद्रप्रकाश के घर दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान एक कमरे से विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलों के करीब 2500 ढक्कन, लगभग 200 लेबल, बड़ी संख्या में खाली शीशियां और करीब 12 लीटर कथित मिलावटी शराब बरामद की गई। विभाग के मुताबिक शराब को मैकडॉवल नंबर वन, रॉयल स्टैग, गोवा और इंपीरियल ब्लू सहित विभिन्न ब्रांड की शीशियों में भरकर रखा गया था।

आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 38(क) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। आरोपी को शनिवार को सूरजपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

विभाग के अनुसार, पूछताछ में आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े ने बताया कि वह करीब एक वर्ष पहले सूरजपुर की विदेशी मदिरा दुकान में काम करता था और बाद में उसने वहां काम छोड़ दिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित