सूरजपुर , अक्टूबर 11 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जयनगर थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से एक शिक्षिका और उसके 12वीं कक्षा में अध्ययनरत बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों शुक्रवार रात से लापता थे। शवों पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, जयनगर थाना क्षेत्र में महावीरपुर जाने वाले मार्ग पर शनिवार को 12वीं कक्षा के एक छात्र का शव बरामद हुआ था। छात्र के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे। इसके बाद देर रात केशवनगर स्थित एक मकान से उसकी शिक्षिका मां का शव भी बरामद किया गया। मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के आधार पर दोनों की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित