सूरजपुर , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरस्वतीपुर के कोन्हाखार स्थित रेड नदी में शनिवार को डूबने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के चंदरपुर निवासी नेहा सिंह ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। त्योहार मनाने के लिए उनके पति विवेक सिंह, पुत्र अभिजीत, माता-पिता और बहन के दोनों बच्चे बिहार के कटिहार से आए थे। सभी की आज ही घर वापसी निर्धारित थी।

मृतकों में विवेक सिंह और उनके पुत्र अभिजीत सहित दो भांजे शामिल हैं। तीनों बच्चों को डूबता देख विवेक सिंह उन्हें बचाने नदी में उतरे थे लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी के कारण चारों की जान चली गई।

पुलिस ने बताया कि आज सुबह विवेक सिंह स्कूटी से पंपापुर स्थित महामाया मंदिर में दर्शन करने गए थे। वहां से उन्होंने अपने बेटे अभिजीत और दोनों भांजों को फोन कर सरस्वतीपुर के कोन्हाखार स्थित रेड नदी के पास बुलाया। घर लौटने से पहले चारों ने नदी में स्नान करने की योजना बनाई थी। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को बचाने के लिए विवेक सिंह भी नदी में उतर गए लेकिन वे भी बाहर नहीं निकल सके।

नदी में नहाने गए चारों लोगों के काफी देर तक वापस नहीं आने पर स्थानीय ग्रामीणों को संदेह हुआ। नदी किनारे चार जोड़ी चप्पलें, कपड़े और मोबाइल मिले। वहीं, दो स्कूटी भी लावारिस हालत में खड़ी थीं। ग्रामीणों ने तत्काल बिश्रामपुर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने स्कूटियों के पंजीयन नंबर के आधार पर उनके मालिकों की जानकारी जुटाई। दोनों स्कूटी नेहा सिंह और विवेक सिंह के नाम पर दर्ज थीं। इसके बाद पुलिस ने रिकॉर्ड में उपलब्ध फोन नंबरों पर संपर्क कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित