सूरजपुर , जुलाई 24 -- छत्तीसगढ़ में सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड स्थित मदननगर गांव में एसईसीएल की प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के तहत पहुंचे सर्वे दल का विरोध कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच शुक्रवार को हुयी झड़प में कई पुलिसकर्मियों तथा एसडीओपी रैंक के एक अधिकारी के घायल होने की सूचना है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण के लिए सर्वे कार्य कराने पहुंचे अधिकारियों का ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोंकझोंक हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई। घटना के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि एसडीओपी रैंक के एक अधिकारी को भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुई झड़प के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें कई पुलिसकर्मी गिरकर घायल हो गए। कुछ जवानों के सिर में चोट लगने की भी सूचना है।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हालात पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात कर दिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी एसईसीएल की टीम भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के तहत सर्वे के लिए मदननगर गांव पहुंची थी। उस समय ग्रामीणों ने खेती के मौसम में बिना सहमति और पर्याप्त जानकारी के सर्वे कराए जाने पर आपत्ति जताते हुए विरोध शुरू कर दिया था। तब से ग्रामीण धरने पर बैठे हुए हैं।

विरोध के बीच फिलहाल सर्वे कार्य रोक दिया गया है। प्रशासन, एसईसीएल और ग्रामीणों के बीच वार्ता की संभावना जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सहमति तथा भूमि अधिग्रहण से संबंधित पूरी जानकारी दिए जाने के बाद ही आगे की प्रक्रिया स्वीकार की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित