सूरजपुर , अक्टूबर 23 -- ) छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके बेटे सुजल बरेठ की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने आज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी प्रवेश कुमार उर्फ परवेश (36) को गिरफ्तार किया है। आरोपी विश्रामपुर का रहने वाला है और मूल रूप से हरियाणा का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 19 लाख रुपये के लालच में शिक्षिका रजनी बरेठ की हत्या की। पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने पहले स्टील की बोतल से रजनी के सिर पर वार किया और बाद में बाथरूम में गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
वारदात का राज खुलने के डर से आरोपी ने शिक्षिका के बेटे सुजल को भी रास्ते से हटाने की साजिश रची। वह सुजल को कार में घुमाने के बहाने राई जंगल ले गया, जहां सीमेंट के खंभे के टुकड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल में फेंक दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित