सूरजपुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ओड़गी में शैक्षणिक संस्थानों के निकट संचालित अंग्रेजी शराब दुकान को हटाने की मांग तेज हो गई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रशासन से दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग करते हुए तीन नवंबर को आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी दी है।

जानकारी के अनुसार, ओड़गी स्थित शासकीय नवीन महाविद्यालय और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) से महज 100 से 150 मीटर की दूरी पर अंग्रेजी शराब दुकान संचालित हो रही है। विद्यार्थी परिषद ने शनिवार को इस पर आपत्ति दर्ज करते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी भैयाथान के नाम ज्ञापन सौंपकर दुकान को तत्काल दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।

एबीवीपी का कहना है कि दोनों शिक्षण संस्थानों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में संस्थानों के समीप और मुख्य मार्ग के किनारे शराब दुकान का संचालन विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा शैक्षणिक वातावरण के लिए चिंता का विषय है। संगठन के अनुसार, इससे विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।

एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में आठ अक्टूबर को तहसीलदार ओड़गी को भी ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने से विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ रही है। संगठन ने प्रशासन से मामले में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।

एबीवीपी के जिला संयोजक विकास ठाकुर ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास इस तरह शराब दुकान का संचालन विद्यार्थियों के हितों से जुड़ा गंभीर विषय है। दुकान को तत्काल किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में तीन नवंबर को दोपहर 12 बजे ओड़गी मुख्य मार्ग पर आंदोलन और चक्काजाम किया जाएगा। परिषद ने इसके लिए प्रशासन को आगाह किया है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक विकास ठाकुर, जिला एसएफडी प्रमुख निखिल गोयल, नगर मंत्री सेंटू गुप्ता, अभिषेक कुशवाहा, नगर सह मंत्री समर कुशवाहा एवं संदीप कुशवाहा, स्नेहिल गुर्जर, शिवम पांडेय, प्रियम गुर्जर सहित विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित