सूरजपुर , जुलाई 05 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रविवार को अवैध खदान में खुदाई के दौरान चट्टान ढहने से दो मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं जांच की कार्रवाई शुरू की। हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के लांची गांव का है।

पुलिस के अनुसार, लांची गांव के समीप संचालित एक अवैध खदान में मजदूर खुदाई कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक खदान की चट्टान भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंची तथा मलबे में दबे दोनों मजदूरों के शव बाहर निकलवाए।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध खदान का संचालन किसके द्वारा किया जा रहा था और इसमें किसकी जिम्मेदारी बनती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित