रायपुर , नवंबर 02 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड की ग्राम पंचायत खालबहारा में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए राज्य शासन ने एक करोड़ 65 लाख 85 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से खालबहारा मुख्य मार्ग से पंचायत भवन तक डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। सड़क के साथ पुल-पुलियों का निर्माण भी किया जाएगा।
सोमवार को मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर लोक निर्माण विभाग ने इस निर्माण कार्य को मंजूरी दी है। परियोजना को वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल कार्यों के अंतर्गत स्वीकृत किया गया है।
प्रस्तावित सड़क के निर्माण से ग्राम पंचायत खालबहारा के निवासियों को पंचायत भवन तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाली बैठकों, प्रशासनिक कार्यों और अन्य सार्वजनिक गतिविधियों के लिए आवागमन सुगम हो सकेगा।
मार्ग पर आवश्यक पुल-पुलियों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे विशेषकर बारिश के दौरान ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित