इटावा , मई 8 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर शुक्रवार को सूबेदारगंज एक्सप्रेस के एसी कोच में ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं उठने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। ट्रैकमैन की सतर्कता और रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन संख्या 20433 सूबेदारगंज एक्सप्रेस में ब्रेक बाइंडिंग की सूचना मिलने पर रेलवे की तकनीकी टीम और अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद ट्रेन को सुरक्षित रवाना कर दिया।

उन्होंने बताया कि जम्मू मेल के समहो स्टेशन से लगभग 3:45 बजे गुजरने के दौरान पेट्रोलमैन आतिफ खान ने एक कोच से धुआं निकलते देखा और इसकी सूचना स्टेशन मास्टर भरथना को दी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया और ट्रेन को भरथना स्टेशन की मेन लाइन पर 3:51 बजे रोका गया।

जांच में ट्रेन मैनेजर और सहायक लोको पायलट ने इंजन से छठे कोच एम-1 में ब्रेक ब्लॉक जाम पाया। रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए सात फायर सिलेंडरों की मदद से ब्रेक बाइंडिंग वाले हिस्से को ठंडा कर उसे रिलीज किया। घटना के दौरान कोच में लगा फायर अलार्म बजने लगा, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। महिला, पुरुष और बच्चे अपना सामान लेकर जल्दबाजी में प्लेटफार्म पर उतर आए। रेलवे कर्मचारियों, जीआरपी और आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित रखा।

करीब 45 मिनट तक चली जांच और मरम्मत के बाद स्थिति सामान्य पाए जाने पर यात्रियों को दोबारा कोच में बैठाया गया और ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। वर्तमान में ट्रेन सामान्य रूप से संचालित हो रही है। स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि ट्रैकमैन की सतर्कता के कारण समय रहते ट्रेन को रोक लिया गया, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना टल गई।

घटना के दौरान पीछे से आ रही जम्मूतवी-मुरी एक्सप्रेस, हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस और महानंदा एक्सप्रेस को लूप लाइन से निकाला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित