रायपुर , मई 24 -- छत्तीसगढ़ में सूरजपुर जिले के विकासखंड ओड़गी स्थित सूपाझरिया जलाशय योजना के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य के लिए मंगलवार को तीन करोड़ 15 लाख 95 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। मरम्मत कार्य पूर्ण होने पर जलाशय की रूपांकित सिंचाई क्षमता 82 हेक्टेयर पूरी तरह बहाल हो जाएगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार नहर जीर्णोद्धार कार्य से ओड़गी क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। योजना के तहत खरीफ और रबी दोनों फसलों के लिए पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

शासन ने कार्य को स्वीकृत राशि और निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। कार्य प्रारंभ करने से पहले सक्षम अधिकारी से ड्रॉइंग-डिजाइन का अनुमोदन तथा तकनीकी स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। साथ ही कम से कम 75 प्रतिशत बाधा रहित भूमि उपलब्ध होने पर ही निविदा जारी की जाएगी।

निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि भू-अर्जन स्वीकृत राशि की सीमा में ही किया जाए तथा किसी अन्य मद की बचत राशि का उपयोग बिना पूर्व स्वीकृति के नहीं किया जाएगा। यदि भू-अर्जन प्रस्तावित नहीं है, तो निर्माण कार्य शासकीय भूमि पर ही कराया जाएगा। निविदा प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित