बिलासपुर , अगस्त 17 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित एक रेलवे लोको पायलट के सूने मकान में सेंध लगाकर अज्ञात चोर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर के पंचाली विहार निवासी सतानंद जंघेल रेलवे में लोको पायलट हैं। वह 14 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे अपने परिवार के साथ बच्चे की शतरंज प्रतियोगिता में शामिल होने भिलाई गए थे। परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए चोरों ने मकान को निशाना बनाया।

घटना की जानकारी 15 अगस्त की सुबह करीब 6:13 बजे पड़ोसी राजेश सोनी ने सतानंद जंघेल को फोन पर दी। उन्होंने बताया कि मकान के चैनल गेट का ताला टूटा हुआ है और मुख्य दरवाजा भी उखड़ा दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने के बाद सतानंद परिवार के साथ सुबह करीब 9:15 बजे बिलासपुर पहुंचे। उस समय पुलिस भी मौके पर मौजूद थी।

घर की जांच करने पर चैनल गेट और मुख्य प्रवेश द्वार क्षतिग्रस्त मिले। बेडरूम में रखी आलमारी का दरवाजा और लॉकर भी टूटा हुआ था तथा कपड़े और अन्य सामान बिखरे पड़े थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित