बैतूल , नवम्बर 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के सोनाघाटी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम साकादेही में चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान का ताला तोड़कर करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजाराम यादव की पत्नी पमिता यादव घटना के समय घर से करीब 80 फीट दूर स्थित कुएं पर कपड़े धोने गई थीं। इसी दौरान चोर घर में घुसे और मुख्य कोठी का ताला तोड़कर संदूक में रखे आभूषण तथा नकदी ले गए। चोरी गए सामान में मंगलसूत्र, सोने की पत्ती वाला हार, चांदी की तीन जोड़ी पायल और तीन अंगूठियां शामिल हैं।
कपड़े धोकर लौटने पर पमिता ने एक अज्ञात व्यक्ति को घर से बाहर निकलते देखा। मुख्य रास्ते पर उसका एक अन्य साथी मोटरसाइकिल लेकर खड़ा था। महिला ने एक चोर को पहचानने का दावा किया है। शिकायत के बाद सोनाघाटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला द्वारा बताए गए हुलिए और पहचान के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित