नयी दिल्ली , जनवरी 27 -- दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने मंगलवार को बवाना विधानसभा क्षेत्र में शाहबाद डेरी स्कूल की इमारत तथा राजीव गांधी स्टेडियम बवाना का निरीक्षण किया।
श्री सूद ने आज दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह के साथ उत्तर-पश्चिम दिल्ली के बवाना विधानसभा क्षेत्र में शाहबाद डेयरी में निर्माणाधीन स्कूल की इमारत तथा राजीव गांधी स्टेडियम, बवाना का निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों ने अवगत कराया कि उक्त विद्यालय का निर्माण वर्ष 2020 में किया गया था, किंतु भवन की अत्यंत जर्जर अवस्था को देखते हुए 2024 में इस स्कूल को खतरनाक घोषित करना पड़ा।
शिक्षा मंत्री ने निरीक्षण के दौरान देखा कि स्कूल में कई स्थानों पर प्लास्टर टूटकर गिरा हुआ है साथ ही फर्श जगह-जगह से उखड़ा हुआ था तथा कक्षाओं में खिड़कियां भी टूटी है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए और इसमें प्रयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्य अगले शैक्षणिक वर्ष से पहले-पहले पूर्ण हो जाना चाहिए ताकि आसपास के बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बवाना स्टेडियम के पास लगभग 8 एकड़ खाली पड़ी भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस भूमि का समुचित सदुपयोग कर इसको विकसित किया जाए। इसके साथ ही इस भूमि पर एक मल्टीपर्पज़ हॉल एवं एक हॉस्टल भी बनाया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित