अल-ओबेद , अक्टूबर 01 -- सूडान के मध्यवर्ती शहर अल-ओबेद स्थित कॉर्डोफन विश्वविद्यालय के एक छात्र छात्रावास पर अर्धसैनिक बल 'रैपिड सपोर्ट फोर्सेस' (आरएसएफ) के ड्रोन हमले में कम से कम पांच नागरिकों की मौत हो गई और 47 अन्य घायल हो गए।

स्वतंत्र चिकित्सा समूह 'सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क' ने बताया कि हमले में शुरुआती आंकड़ों के अनुसार पांच लोगों की जान गई है और 47 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, संगठन ने इस हमले को सूडान भर में नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर आरएसएफ द्वारा जारी लक्षित हमलों का हिस्सा करार दिया है। चिकित्सा समूह ने कहा कि छात्र आवासों और शैक्षणिक संस्थानों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर उल्लंघन है और यह सीधे तौर पर आम नागरिकों के जीवन को खतरे में डालता है।

संगठन ने नागरिक और सार्वजनिक सेवा सुविधाओं पर बढ़ते हमलों के प्रति चेतावनी जारी करते हुए संयुक्त राष्ट्र, अंतरराष्ट्रीय मानवीय और मानवाधिकार संगठनों से नागरिक बुनियादी ढांचे पर हो रहे इन हमलों की कड़ी निंदा करने की अपील की है। इसके साथ ही जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने का आह्वान किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित