पुणे , नवंबर 08 -- महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक मोहन जोशी ने जिले में सूखे और पानी की किल्लत का हवाला देते हुए उपमुख्यमंत्री एवं पुणे की पालक मंत्री सुनेत्रा पवार से जनवरी में प्रस्तावित पुणे ग्रैंड टूर साइकिल प्रतियोगिता के आयोजन पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।

श्री जोशी ने पालक मंत्री को सौंपे ज्ञापन में सवाल उठाया कि जब पुणे जिले के कई इलाके सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं और निवासी बुनियादी नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं, तो अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च करने का औचित्य क्या है।

पुणे ग्रैंड टूर का दूसरा संस्करण जनवरी में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इस आयोजन का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर पुणे की पहचान को बढ़ावा देना है। श्री जोशी ने कहा कि जिले के वित्तीय संसाधनों और निवासियों की तात्कालिक जरूरतों को देखते हुए सरकार को यह आकलन करना चाहिए कि मौजूदा समय में इस प्रतियोगिता का आयोजन प्राथमिकता होनी चाहिए या नहीं।

ज्ञापन के अनुसार, प्रतियोगिता के पांच चरणों के लिए कुल 817 किलोमीटर का मार्ग निर्धारित किया गया है। इसमें से 413.40 किलोमीटर सड़कों का नए सिरे से निर्माण या विकास प्रस्तावित है, जबकि लगभग 277 किलोमीटर सड़कों को चौड़ा किया जाना है। इन सड़क परियोजनाओं पर अनुमानित 627.22 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें से लगभग 525 करोड़ रुपये के टेंडर को हाल ही में राज्य सरकार ने मंजूरी दी है।

इस खर्च पर सवाल उठाते हुए श्री जोशी ने पूछा कि एक ही खेल आयोजन के लिए विशेष रूप से सैकड़ों करोड़ रुपये की लागत से सड़कें क्यों विकसित की जा रही हैं और क्या यह खर्च सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के विरोधी नहीं हैंख् लेकिन जोर देकर यह भी कहा कि सार्वजनिक धन खर्च करने से पहले स्थानीय जरूरतों और मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने पुणे को इस आयोजन से होने वाले वास्तविक आर्थिक, पर्यटन और रोजगार संबंधी लाभों का निष्पक्ष आकलन करने की भी मांग की।

श्री जोशी ने प्रतियोगिता के लिए विकसित की जा रही सड़कों की दीर्घकालिक उपयोगिता और उन पर होने वाले खर्च के औचित्य को लेकर पारदर्शिता बरतने की मांग की।

उन्होंने पालक मंत्री से मौजूदा सूखे और पानी की किल्लत के मद्देनजर इस वर्ष पुणे ग्रैंड टूर के आयोजन पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित