भोपाल , अक्टूबर 03 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने आगर-मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के निर्वाचन में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप बद्रीलाल सोनी के विजयी होने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं और सुसनेर की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस प्रत्याशी को 960 से अधिक मतों के अंतर से पराजित कर विजय हासिल की है। उन्होंने कहा कि सुसनेर नगर परिषद के चुनाव परिणाम में जनता ने स्पष्ट जनादेश दिया है और लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस विजय के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं प्रयासों से सुसनेर नगर परिषद में भाजपा को विजय मिली है।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा सरकारों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास जारी है। इन योजनाओं और विकास कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने चुनाव में कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संगठन की विचारधारा और सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने का कार्य किया।
उन्होंने राजनीतिक दलों से चुनाव परिणामों से सीख लेते हुए जनता के बीच अपनी सक्रियता और कार्यों को और मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष प्रदीप सोनी सुसनेर नगर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित