नयी दिल्ली , सितम्बर 15 -- भारत की विकेटकीपर-बल्लेबाज़ सुषमा वर्मा ने 2026 विमेंस कैरेबियन प्रीमियर लीग के नॉकआउट से पहले ट्रिनबागो नाइट राइडर्स (टीकेआर) में यास्तिका भाटिया की जगह ली है।

इस टूर्नामेंट की दूसरी सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज़ यास्तिका, ऑस्ट्रेलिया ए के ख़िलाफ़ अपनी इंडिया ए की ज़िम्मेदारी के लिए समय से पहले रवाना हो रही हैं। वह 20 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में कप्तान हैं। इसके बाद चार दिवसीय मैच भी खेला जाएगा।

सुषमा के लिए यह शीर्ष स्तर के क्रिकेट में वापसी का मौक़ा है। वह आख़िरी बार 2023 में दक्षिण अफ़्रीका में हुई टी 20 ट्राई-सीरीज़ के दौरान राष्ट्रीय टीम का हिस्सा थीं, हालांकि उन्हें खेलने का मौक़ा नहीं मिला था। अब तक उनका एकमात्र फ़्रैंचाइज़ी अनुभव 2023 डब्ल्यूपीएल का रहा है, जब वह गुजरात जायंट्स के लिए खेली थीं। उन्होंने पांच पारियों में 79.24 के स्ट्राइक रेट से 42 रन बनाए थे।

हाल के दिनों में सुषमा ने अपनी हिटिंग पर काफ़ी काम किया है। 2025-26 के घरेलू वनडे टूर्नामेंट में उन्होंने छह पारियों में नौ छक्के लगाए, जो टूर्नामेंट में किसी बल्लेबाज़ द्वारा लगाए गए तीसरे सबसे ज़्यादा छक्के थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित