‎पटना , मई 13 -- बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी की पुण्यतिथि पर बुधवार को पटना स्थित सुशील कुमार मोदी स्मृति पार्क, राजेंद्र नगर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित भाजपा के कई प्रमुख नेता और मंत्री शामिल हुए।

‎श्री सरावगी तथा अन्य नेताओं ने इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित होकर श्री मोदी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके जीवन गाथा तथा बिहार के प्रति उनके अमूल्य योगदान को याद किया। श्रद्धांजलि देने वालों में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम, खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, सांसद राधामोहन सिंह, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय शामिल थे।

‎‎इस अवसर पर श्री सरावगी ने दिवंगत नेता सुशील कुमार मोदी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, सादगी और जनसेवा के उच्च आदर्श स्थापित किए। उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन की मजबूत नींव रखने, विकास को नई दिशा देने तथा संगठन को सशक्त बनाने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनका प्रेरणादायी व्यक्तित्व और दूरदर्शी नेतृत्व हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित